
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने की मुख्य जिम्मेदारी सरपंचों की है। वे सोमवार को वीबी—जी राम—जी लागू करने पर सरपंच संघ की ओर से आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरपंच ग्रामीण विकास की वह मजबूत कड़ी हैं, जिनसे जनता को सबसे अधिक उम्मीदें होती हैं। उन्होंने सरपंचों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गांव की समस्याओं का समाधान और विकास की नीतियां उनके सहयोग के बिना पूरी नहीं हो सकती। शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने सरपंचों का कार्यकाल बढ़ाते हुए उन्हें प्रशासक नियुक्त किया है ताकि विकास की गति बनी रहे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मनरेगा का बकाया पैसा भी जल्द जारी कर दिया जाएगा।
वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर जनसुनवाई भी की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता से निस्तारण करने और कार्यों का फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसेवा में कोताही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने पंचायतीराज, राजस्व, शिक्षा और चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी परिवेदनाएं सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।
Author: गणेश सिंह शेखावत
मुख्य संपादक भारत टीवी लाइव









