आगरा में थाना खंदौली क्षेत्र के अंतर्गत आगरा–जलेसर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने एक के बाद एक दो ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस द्वारा एसएन मेडिकल कॉलेज व निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि सहपऊ क्षेत्र के रहने वाले सभी लोग जगन्नाथ पुरी से दर्शन कर लौट रहे थे और रामबाग से ऑटो में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। दोनों ऑटो एक ही दिशा में जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने ओवरटेक के प्रयास में पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर नियंत्रण खोते हुए दूसरे ऑटो को भी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अपर पुलिस आयुक्त आगरा रामबदन सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Author: गणेश सिंह शेखावत
मुख्य संपादक भारत टीवी लाइव









